मध्य प्रदेश में कांग्रेस के स्टार प्रचारक गायब, मोदी-नड्डा व राजनाथ ने संभाली प्रथम चरण की कमान

भोपाल । मध्य प्रदेश में लोकसभा चुनाव के प्रथम चरण के चुनाव प्रचार का काम जोर शोर से शुरू हो गया है। भारतीय जनता पार्टी की ओर से 7 अप्रैल को भाजपा के सबसे बड़े प्रचारक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जबलपुर में रोड शो करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री मोहन यादव भी उनके साथ रोड शो में रहेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा महाकौशल के क्षेत्र में जहां प्रथम चरण का मतदान है। वहां चुनाव प्रचार कर चुके हैं। पहले चरण में मंडला, बालाघाट, छिंदवाड़ा, जबलपुर, शहडोल और सीधी मे मतदान होना है।
कांग्रेस के स्टार प्रचारक अभी तक चुनाव प्रचार में नहीं उतरे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और स्टार प्रचारक कमलनाथ और दिग्विजय सिंह अपनी अपनी सीटों में फंस गए हैं। कांग्रेस नेता राहुल गांधी जरूर 8 अप्रैल को मंडला और शहडोल में विशाल जनसभा करने जा रहे हैं। लगता है, कांग्रेस प्रथम चरण के चुनाव प्रचार में भाजपा से पिछड़ गई है। वहीं छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र को जिस तरह से कैलाश विजयवर्गीय और मुख्यमंत्री मोहन यादव ने अपने निशाने पर ले रखा है। उससे लगता है, छिंदवाड़ा में कांग्रेस के ज्यादा से ज्यादा कार्यकर्ताओं और नेताओं को भाजपा में लाने की होड़ मची हुई है। इसके लिए साम दाम दंड भेद का इस्तेमाल भाजपा कर रही है। जिसके कारण कमलनाथ बुरी तरह से छिंदवाड़ा संसदीय क्षेत्र में फंसकर रह गए हैं। कांग्रेस के प्रादेशिक नेता जीतू पटवारी,उमंग सिंघार और कांतिलाल भूरिया भी अपने-अपने क्षेत्र में फंसे हुए हैं। प्रथम चरण के मतदान में उम्मीदवार अपनी ताकत के बल पर चुनाव लड़ रहे हैं। कांग्रेस उम्मीदवारों को कोई आर्थिक सहायता भी पार्टी से नहीं मिली है। कांग्रेस के उम्मीदवार जनता से आर्थिक सहायता की मांग कर रहे हैं। जबलपुर संसदीय क्षेत्र के उम्मीदवार दिनेश यादव को आम जनता से जनसंपर्क के दौरान नोट मिल रहे हैं। वही वोट का भरोसा मिल रहा है।