दतिया: इंदरगढ़ में ननदोई के दुष्कर्म की शिकार महिला ने कराई FIR, आरोपी ने महिला की हत्या की, बाद में किया सुसाइड

 

दतिया/ग्वालियर। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के गांव रारुआजीवन में बुधवार सुबह एक महिला की उसके ननदोई ने गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।  पुलिस के अनुसार, मृतक महिला की शादी २ साल पहले दतिया के इटारोरा गांव में हुई थी। उसका पति कैलाश महाराष्ट्र के पुणे में पानीपुरी का ठेला लगाता है। करीब ६ महीने पहले जब वह गांव लौटा तो महिला ने उसे बताया कि ससुर फूल सिंह और ननदोई राहुल जाटव (३६) ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पति ने उसकी बात नहीं सुनी। विवाद के बाद वह मायके चली गई।

इसके बाद वह पिता के साथ इंदरगढ़ थाने पहुंची। हालांकि, पुलिस ने दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज नहीं कर मारपीट की शिकायत दर्ज कर ली। कुछ समय बाद महिला ससुराल लौट आई। ससुरालवाले केस वापस लेने का दबाव बनाने लगे तो वह फिर मायके चली गई। बुधवार को महिला का ननदोई राहुल जाटव उसके मायके पहुंचा। घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसा और महिला को गोली मार दी। आवाज सुनकर भाई बचाने दौड़ा तो उसे भी गोली मार दी। इसके बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और कुछ देर बाद आत्महत्या ली।