नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति मामले में जांच शुरू,लोकायुक्त ने PE दर्ज की

भोपाल। मप्र कांग्रेस की शिकायत पर लोकायुक्त ने नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के मामले में जांच शुरू कर दी है। लोकायुक्त ने उनके खिलाफ पीई दर्ज की है। मप्र कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष जेपी धनोपिया और कांग्रेस के आरटीआई प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत टंडन ने इस संबंध में शिकायत की थी। कांग्रेस नेताओं ने बीते 30 मई 2023 को पीसीसी दफ्तर में प्रेस कॉन्फ्रेंस में नगरीय प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह पर चुनाव आयोग में प्रस्तुत उनके शपथ पत्रों, एडीआर रिपोर्ट और खसरा अभिलेखों के आधार पर अनुपातहीन संपत्ति होने के आरोप लगाए थे। कांग्रेस नेताओं की इस शिकायत पर लोकायुक्त ने जांच क्रमांक 0035/ई/ 2023-24 के मामले में पुलिस महानिदेशक लोकायुक्त से 8 अगस्त 2023 तक जांच रिपोर्ट मांगी है।
कांग्रेस नेताओं ने मंत्री भूपेंद्र सिंह पर यह भी आरोप लगाया था कि उनके और उनके परिवारजनों ने 10 साल के भीतर लगभग 46 करोड़ की अकूत संपत्ति अर्जित की है। ये भी कहा था कि आश्चर्यजनक रूप से वर्ष 2018-19 में लगभग 7 करोड़ रूपये वार्षिक आय होने संबंधी रिटर्न प्रस्तुत करना भी अर्जित अनुपातहीन एवं आय से अधिक संपत्ति को दर्शाता है।