ग्वालियर चंबल संभाग के टूटे हुए पुलों का दो माह में होगा निर्माण शुरू, 192 करोड की आएगी लागत

ग्वालियर। प्रदेशभर की नदियों पर अब लोक निर्माण विभाग की ओर से 60 नए पुल बनाए जाएंगे। इन पर 600 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके साथ ही ग्वालियर चंबल संभाग में वर्ष 2021 में बाढ़ से टूटे 8 पुलों का पुनर्निर्माण भी होगा। पुनर्निर्माण कार्य पर 192.3 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सभी पुल दो साल के अंदर बनकर तैयार हो जाएंगे। सभी पुल के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी विभाग की ओर से टेंडर जारी कर दिए गए हैं। अब मार्च के अंतिम सप्ताह में इन पुलों के निर्माण का कार्य शुरू होगा। पुलों के निर्माण कार्य होने से लोगों को आवागमन में काफी राहत मिलेगी।
लोकनिर्माण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि ग्वालियर चंबल सभाग में वर्ष 2021 में आई बाढ़ में रतनगढ़ मार्ग पुल दतिया जिले के सनकुआं घाट श्योपुर मुरैना व भिण्ड जिले के पुल टूट गए थे तो कुछ बह गए गए थे। अब इन सभी पुल को बनाए जाने के टेंडर लगा दिए गए हैं और अगले दो महीने के अंदर इन पुलों पर निर्माण कार्य शुरू होगा और 24 महीने के अंदर यह पुल बनकर तैयार हो जाएंगे।
सवाई माधोपुर से सबलगढ़-मुरैना मार्ग बंद
मानपुर-ढोढर मार्ग सीप नदी पर बने पुल भी वर्ष 2021 में आई बाढ़ में टूट जाने से श्योपुर और सवाई माधोपुर से सबलगढ़ मुरैना की ओर जाने वाला मार्ग भी बंद हो गया है। इसके साथ ही शिवपुरी में कुनों नदी दतिया में रतनगढ़ बसई मार्ग इंदरगढ़ पिछोर में सिंधु नदी पर व भिण्ड जिले के गोरई अडोखर मार्ग पर इंदुर्खीघाट व जमखोली से लारोल मार्ग में सिंधु नदी पर बने पुराने पुल टूटने से लोगों को हर दिन 70 किमी का चक्कर लगाकर अपने गंतव्य की ओर जाना पड़ रहा है।
हर बार लगाना पड़ रहा 70 किमी का चक्कर
दतिया जिले के सेवढ़ा तहसील के सनकुआं घाट पर 40 साल पुराने बने इस पुल के बाढ़ के चलते चार पिलर टूट गए थे। इस पुल से दतिया के मोह सेवढ़ा तहसील के लोग ग्वालियर तक आवागमन करते हैं। पुल टूटने से ग्वालियर और सेंवढ़ा कस्बे की दूरी करीब 70 किलोमीटर बढ़ गई है। अब तक सेंवढ़ा से ग्वालियर 80 किमी दूर था लेकिन पुल के टूटने के बाद से अब यह दूरी बढकऱ 150 किमी हो गई है। इससे लोगों को हर बार 70 किमी का चक्कर लगाना पड़ रहा है।

ग्वालियर चंबल संभाग में आई बाढ़ में बहे व टूटे सभी पुलों पर निर्माण कार्य दो महीने के अंदर शुरू करा दिया जाएगा। इन पुलों के टेंडर लगा दिए गए हैं। करीब 200 करोड़ की राशि से इन पुलों का निर्माण कार्य कराया जाएगा।
ज्ञानवर्धन मिश्रा कार्यपालनयंत्री लोक निर्माण विभाग सेतु संभाग मप्र