मप्र में 5 हज़ार पटवारी पद की होगी भर्ती, तीन साल के अंदर होंगी परीक्षायें

शिवराज सरकार ने राजस्व विभाग के लिए पटवारियों के 5,204 नए पद बढ़ाने की घोषणा की है। यानी अब कुल पद 24,224 हो जाएंगे। नई भर्तियां तीन साल के भीतर होंगी। अगले वर्ष विधानसभा चुनाव भी होने हैं। ऐसे में इसे इलेक्शन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। पिछले 5 साल से पटवारियों की भर्ती नहीं निकली है। अब ऐसे में पटवारी कार्ड खेलकर सरकार ने सत्ता हासिल करने के लिए नया दांव चला है।

अबतक पटवारी के 19 हजार 20 स्वीकृत पद थे। इनमें से 1630 पद खाली हैं। नए पद जुड़ने के बाद खाली पद 6,834 हो गए हैं। कैबिनेट की मंजूरी के बाद 3 हजार पदों पर भर्ती करने की मंजूरी दी गई है। विभागीय मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के मुताबिक जल्द ही भर्ती प्रक्रिया शुरू की जाएगी, लेकिन हकीकत यह है कि राज्य सरकार 2017 में निकाली गई भर्ती के सभी पदों को नहीं भर सकी।

पूर्व में तय भर्ती नियमानुसार ग्रेजुएशन डिग्रीधारी आवेदन कर सकेंगे। साथ ही, जॉइनिंग के दो साल के अंदर कंप्यूटर प्रोफिसिएंसी सर्टिफिकेट टेस्ट यानी CPCT क्लियर करने की शर्त अनिवार्य रखी जा सकती है। राजस्व विभाग द्वारा तय कटऑफ डेट पर कैंडिडेट की उम्र 40 साल से अधिक नहीं होनी चाहिए। महिला व आरक्षित वर्ग के लिए तय मापदंड के अनुसार छूट रहेगी। उम्मीदवार के पास रोजगार कार्यालय में जीवित पंजीयन होना चाहिए। हालांकि, 2012 की भर्ती में कक्षा 12वीं की आर्हता तय थी। साथ में PGDCA मांगा गया था। इसे पिछली भर्ती के समय बदल दिया गया था।