ग्वालियर के डबरा में ब्राह्मण महापंचायत: 6 सीटों पर एक भी ब्राह्मण को टिकट न देने पर नाराज हुआ समाज, भाजपा प्रत्याशी को समर्थन न देने का किया फैसला

 

राजेश शुक्ला ग्वालियर।  मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव का प्रचार युद्ध स्तर पर है।17 नवंबर को मतदान दिवस है। कांग्रेस और भाजपा दोनों ही प्रमुख दल रूठों को मनाने व क्षेत्र में प्रचार करने में जुटे हुए हैं।इनमें डबरा का ब्राहमण समाज भाजपा  के प्रति अपना आक्रोश व्यक्त कर रहा है और समर्थन न देने की बात कर रहा है।हाल ही में डबरा में सर्व ब्राह्मण समाज ने एक महापंचायत का आयोजन किया।महापंचायत में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों और उनके द्वारा वादों को पूरा न करने का जमकर विरोध किया गया। जानकारी के अनुसार ग्वालियर जिले में भारतीय जनता पार्टी ने 6 विधानसभा सीटों पर किसी भी ब्राह्मण नेता को टिकट नहीं दिया है। इस बात से नाराज़ होकर  ब्राह्मण समाज ने कुछ दिन पूर्व डबरा के पिछोर ब्लॉक के करही ग्राम में एक वृहद बैठक सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में भार्गव,सनाढ्य कान्यकुब्ज ब्राह्मण समेत सभी वर्ग के ब्राह्मण जिनकी संख्या 2 हज़ार बताई जा रही है मौजूद थे।

पिछोर निवासी नवल भार्गव ने जानकारी देते हुए बताया कि ब्राह्मण महापंचायत में कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने का निर्णय लिया। ब्राह्मण महापंचायत में मौजूद ब्राह्मण समाज के नेताओं ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने ग्वालियर जिले की सभी 6 सीटों पर किसी भी ब्राह्मण नेता को टिकट नहीं दिया है जबकि पूर्व में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता ब्राह्मण नेताओं को टिकट देने की बात कर रहे थे। पंचायत में बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज भाजपा की प्रत्याशी इमरती देवी से भी नाराज दिखाई दिए ।

डबरा के कईं लोगों ने महिला भाजपा प्रत्याशी पर पैसे लेकर काम ना करने का आरोप भी लगाया (Byline24.com इसकी पुष्टि नहीं करता है)ब्राह्मण पदाधिकारी ने पुरजोर अंदाज में कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा ब्राह्मणों का उपयोग किया है इसके साथ ही उन्हें टिकट न देकर अपमानित किया है।

बताया जाता है कि ब्राह्मण महापंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में मतदान करने की अपील भी की गई। इस दौरान ब्राह्मण महापंचायत में कांग्रेस प्रत्याशी भी शामिल हुए और उन्होंने ब्राह्मण समाज के के लोगों से अपना आशीर्वाद जीत के माध्यम से देने की बात कही।ब्राह्मण महापंचायत में अशोक पाराशर,वासुदेव मुद्गल, केशव शर्मा ,बंटी दुबे,संजीव सागोरिया, नागेश दुबे ,सत्य प्रकाश पटसरिया समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण समाज के लोग मौजूद रहे।

एडीटर इन चीफ Byline24.com-9893987124