BSF टेकनपुर में 77 वें स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण के साथ 55 अधिकारियों-कार्मिकों को मिले पुलिस पदक

ग्वालियर। 77 वें स्वतंत्रता दिवस पर सीमा सुरक्षा बल अकादमी के रानी लक्ष्मीबाई परेड ग्राउंड में एक भव्य परेड का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि  पी एस बैंस, निदेशक, सीमा सुरक्षा बल, अकादमी टेकनपुर ने अजेय प्रहरी शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की तथा परेड स्थल पर ध्वजारोहण के उपरांत परेड की सलामी ली।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि आज का दिन प्रत्येक भारतवासी के लिए गौरव का दिन है। जैसा कि आप सभी जानते हैं कि अथक प्रयासों एवं अनेक बलिदानों के उपरांत 15 अगस्त 1947 को हमारे देश को आजादी प्राप्त हुई थी। विश्व में भारत की पहचान एक सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश के रूप में है। आज हमारे देश को विश्व में बड़े आदर और सम्मान के साथ देखा जाता है।

भारत को विकास की ओर बढ़ता देख, हमारे दुश्मन देश, हमारे देश की सुख-शांति को भंग करने का अकसर प्रयास करते रहे हैं। परिणाम स्वरूप आज हमारे देश को नक्सलवाद, आंतरिक सुरक्षा, अंतर्राष्ट्रीय सीमा पर तनाव, घुसपैठ जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

भारत की सीमाओं को सुरक्षित रखने में सीमा सुरक्षा बल की अहम भूमिका रही है। हमारे सीमा प्रहरियों ने समर्पण की मिसाल कायम कर देश की सीमाओं की रक्षा की है। इसके अलावा बल ने आतंकवाद के खिलाफ अहम् भूमिका निभाई है। देश के भीतर पनप रहे नक्सलवाद को नियंत्रित करने एवं देशद्रोहियों को समाप्त करने में हमारा बल हमेशा ही आगे रहा है ।

स्वतंत्रता दिवस के इस पावन अवसर पर महानिदेशक, सीमा सुरक्षा बल ने भी बल के सभी प्रहरियों एवं उनके परिजनों को हार्दिक शुभकामनाएं दी है और सभी ने शपथ ली कि, “हम देश की एकता और अखंडता के लिए सदैव कार्यरत रहेंगे तथा सीमा सुरक्षा बल का नाम हमेशा रोशन करेंगे” ।

स्वतंत्रता दिवस – 2023 के उपलक्ष्य में राष्ट्रपति महादेय द्वारा सीमा सुरक्षा बल के 55 अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों एवं कार्मिकों को विभिन्न पुलिस पदकों से अलंकृत किया है। जिसमें से मुख्य आरक्षक (एन.ए) अनेगसिंह, संयुक्त हॉस्पिटल, सीमा सुरक्षा बल, टेकनपुर को सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक (PMMS) प्रदान किया गया है। इसके लिए, निदेशक, सीमा सुरक्षा बल, अकादमी टेकनपुर ने पदक प्राप्तकर्ता को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दी ।