मप्र में ट्रांसफ़रों से प्रतिबंध हटाने मंत्रियों की जिद लेकिन मुख्यमंत्री का फ्री हैंड देने का मन नहीं

भोपाल । मध्यप्रदेश में तबादलों पर प्रतिबंध लगे हुए हैं। अगले कुछ ही महीनों में मध्य प्रदेश विधानसभा के चुनाव होना है। मंत्रिमंडल की बैठक में जून के महीने में तबादलों से प्रतिबंध हटाने की मांग विभिन्न मंत्रियों द्वारा की गई। मंत्रियों के अनुसार चुनाव के पहले अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादले विचारधारा से जुड़े कई परिवार, अपने परिवार के सदस्यों का तबादला चाहते हैं। चुनाव के समय उन्हें नाराज भी नहीं किया जा सकता है। चुनाव के लिए विश्वसनीय अधिकारियों कर्मचारियों को पदस्थ करना होता है। सभी मंत्रियों ने पुरजोर तरीके से 10 से 15 दिन के लिए तबादला से प्रतिबंध हटाने की मांग मुख्यमंत्री से की।
मुख्यमंत्री ने विचार करने का आश्वासन जरूर दे दिया है। उनकी चिंता है, कि तबादले के नाम पर जो लेनदेन शुरू हो जाता है। उसको लेकर विपक्षी दल बड़े आरोप लगाते हैं। कर्नाटक के विधानसभा चुनाव में सरकार और मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगे थे। जिसका असर चुनाव पर पड़ा। चुनावी साल होने के कारण मुख्यमंत्री, तबादलों पर प्रतिबंध हटाने की जगह कोई ऐसा रास्ता निकालना चाहते हैं। जहां केवल जरूरी तबादले किए जाएं। जिससे विपक्ष को सरकार को घेरने का कोई मौका ना मिले।