ग्वालियर: फालका बाज़ार में बहन के घर रह रही पत्नी ने दरवाज़ा नहीं खोला तो पति ने कट्टा से मारी गोली, अस्पताल में भर्ती

 

ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर शहर के इंदरगंज थाना क्षेत्र में बहन के घर रह रही महिला ने पति के लिए दरवाजा नहीं खोला तो पति ने तमंचे से पत्नी को गोली मार दी। गोली महिला के हाथ में लगी है और कुछ छर्रे सीने व कंधे में आगे की तरफ लगे हैं।इसके बाद पति भाग निकला घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है। जानकारी के अनुसार  शहर के विश्वविद्यालय स्थित महलगांव निवासी २५ वर्षीय रोशनी खटीक की शादी राहुल खटीक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ही पति उससे अक्सर मारपीट करने लगा जिससे नाराज होकर रोशनी फालका बाजार स्थित रामा अपार्टमेंट में रहने वाली अपनी बहन काजल के पास आ गई। करीब चार महीने से वह बहन के पास रह रही थी। बीती रात ढाई के लगभग रोशनी किचन में जा रही थी कि तभी उसके पति ने दरवाजा खटखटाया जब उसे पता चला कि दरवाजा पति खटखटा रहा है तो उसने उसे सुबह आने की कहा और किचन में काम करने लगी। अभी वह काम में व्यस्त थी कि तभी राहुल बिल्डिंग के पीछे पहुंचा और किचन की खिड़की पर आ गया। उसने तीन बार गेट खोलने की धमकी दी साथ ही कट्टा भी दिखाया । जब रोशनी ने दरवाजा नहीं खोला तो राहुल ने से उसे जान से मारने की नीयत से गोली चलाई। गोली उसके हाथ व कंधे के पास लगी और वह गिर गई। गोली मारने के बाद राहुल वहां से फरार हो गया। घअना का पता चलते ही बहन तथा अन्य परिजन ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल रोशनी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित का कहना है कि गोली मारने के बाद भी उसका पति उसे धमका रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर उसकी तलाश प्रारंभ कर दी है।