सातवीं पत्नी ने पति की रॉड मारकर की हत्या; पुलिस को सुनाई थी मनगढ़ंत कहानी, हुआ ख़ुलासा

 

रतलाम । दंपती में झगड़ा हुआ और महिला ने लोहे की रॉड मारकर पति की हत्या कर दी। दूसरे दिन दोपहर 2 बजे पुलिस को एक्सीडेंट की मनगढंत कहानी सुनाते हुए बताया कि रात 2 बजे पति खून से लथपथ होकर घर आए। सुबह उठाया, तो नहीं उठे।जानकारी देने में देरी और घायल को अस्पताल नहीं ले जाने पर पुलिस को शक हुआ। बेटियों, परिवारवालों और पड़ोसियों से पूछताछ की तो पता चला कि रात में पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था। पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी महिला ने बताया कि उसने ही पति की पीटकर जान ले ली। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना रतलाम के सिमलापाड़ा गांव की है। आरोपी महिला को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा। टीआई दीपक मंडलोई ने बताया कि जानकारी मिली है कि संतोष बाई, प्रमेश सिंगाड़ की सातवीं पत्नी है। इस बारे में तस्दीक की जा रही है। वर्तमान में यही साथ में रह रही थी। पूर्व की पत्नियों की वर्तमान स्थिति की जानकारी नहीं है।

ASP सुनील पाटीदार ने बताया कि आरोपी पत्नी संतोष बाई को पति प्रमेश सिंगाड़ की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। घटना के समय आरोपी महिला की चार बेटियां (16, 12, 8 व 6 साल) और उसका भाई दिनेश गरवाल मौके पर ही थे। पुलिस ने इनसे भी पूछताछ की। पति-पत्नी में विवाद की बात सामने आई। ये भी पता चला कि मृतक प्रमेश शराब के नशे में पत्नी संतोषी बाई से आए दिन विवाद करने के साथ मारपीट करता था। पत्नी पर धारा 302 का प्रकरण दर्ज किया है।

संतोष बाई ने मंगलवार दोपहर 2 बजे पुलिस को बताया कि खेतों में मजदूरी के लिए ट्रैक्टर चलाने का काम करने वाले पति प्रमेश सिंगाड़ (45) सोमवार रात 2 बजे खून से लथपथ स्थिति में घर आए। उनके हाथ और पैर से खून निकल रहा था। मैंने पूछा क्या हुआ? बोले- कल बताऊंगा और वह घर में पीछे वाले दरवाजे के पास सो गए। ऐसा लग रहा था कि जैसे उनका एक्सीडेंट हुआ है। सुबह मैंने चाय-पानी के लिए पूछा, तो नहीं उठे। उनके कोई प्रतिक्रिया नहीं देने पर मैंने हाथ लगाकर देखा तो उनके शरीर में कोई हलचल नहीं थी। वे मर चुके थे।

पति प्रमेश मइड़ा सोमवार रात 2 बजे घर पहुंचा। शराब के नशे में प्रमेश, पत्नी संतोष बाई को गालियां देते हुए विवाद करने लगा और चारों बेटियों के साथ ही मिलने आए साले दिनेश गरवाल को गालियां देते हुए घर से निकल जाने को कहने लगा। लोहे की रॉड से संतोषी बाई के साथ मारपीट करने लगा। आए दिन शराब पीकर आने और मारपीट करने से तंग आ चुकी संतोष बाई ने उससे लोहे की रॉड छीनकर हाथ-पैर पर मारना शुरू कर दिया। लगातार मारने से उसके पैर के पंजे और हाथ की कलाई की हड्डी टूट गई। प्रथम दृष्टया गंभीर चोट लगने और ज्यादा खून बनने से उसकी मौत हो गई।

आरोपी पत्नी और मृतक पति के खिलाफ मारपीट के दो-दो केस दर्ज हैं। और भी दर्ज केस की जानकारी निकाली जा रही है। पत्नी ने पति पर जिस टॉमी (लोहे की रॉड) से हत्या की थी, उसे घर के पीछे गड्ढा खोदकर गाड़ दिया था। पुलिस ने टॉमी जब्त की है।

 

साभार दैनिक भास्कर