दिल्ली घुमाने से मना किया तो पत्नी ने भाइयों को बुलाया, फौजी पति को सरिए से पीटा

राजस्थान के बाड़मेर में एक पत्नी ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पति की पिटाई कर दी। पीड़ित पति सेना में जवान है और वह छुट्टी पर घर आया था। पत्नी ने दिल्ली घुमाने के लिए कहा तो उसने मना कर दिया। इस बात से नाराज पत्नी ने फोन कर अपने मायकों वालों को बुलाया और कमरे में बंद कर सरिए से मारपीट कर दी। पिटाई से जवान को कई चोटें आई हैं। पीड़ित जवान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार बाड़मेर में रहने वाला चूनाराम सेना में जवान है। 13 साल पहले उसकी शादी नोजी देवी के साथ हुई थी। दोनों का एक 11 साल का बेटा और ढाई साल की बेटी है। चूनाराम दो महीने की छुट्टी पर घर आया हुआ था। बीती 11 मार्च को पत्नी ने दिल्ली घूमने की इच्छा जाहिर की। इसके लिए उसने 50 हजार रुपए मांगे। जवान ने बच्चों की परीक्षा हवाला देकर घूमने जाने से इंकार कर दिया।

इससे पत्नी नाराज हो गई और उसने भाई को फोन कर दिया। कुछ देर बाद भाई पांच लोगों के साथ आ गया। पत्नी और उसके भाई और अन्य लोगों ने जवान को कमरे में बंद जमकर पीटा। सात-आठ घंटे पिटाई करने के बाद पत्नी और उसके भाई सहित सभी आरोपी फरार हो गए। इसके बाद शनिवार देर रात पीड़ित जवान ने छह लोगों के खिलाफ नामजद केस दर्ज कराया है।

लोहे के सरिए और बेल्ट से पीटा 
पीड़ित जवान ने बताया कि उसकी पत्नी, साले और ससुराल पक्ष के अन्य लोगों ने उसे लोहे के सरिए और बेल्ट से बुरी तरह पीटा है। पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव के बताया कि जवान की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। उसका मेडिकल भी करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

इससे पहले भी दोनों के बीच हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार पति पत्नी के बीच के संबंध अच्छे नहीं है। दोनों में आए दिन विवाद होता रहता है। पिछली बार भी जवान के छुट्टी पर आने के बाद दंपति में विवाद हुआ था। पत्नी की शिकायत पर पुलिस ने जवान को पाबंद किया था।