ईको टूरिज्म के डायरेक्टर हैं केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दामाद ;इंग्लैंड में हुई है शिक्षा, पिता कांग्रेस तो बेटा है भाजपा में

 

राजेश शुक्ला, ग्वालियर। मध्य प्रदेश की राजनीतिक दृष्टि से बड़े जिले में शुमार ग्वालियर में आज प्रधानमंत्री नरेंद्र सिंह मोदी कैबिनेट के कद्दावर नेता केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर की पुत्री निवेदिता का विवाह ग्वालियर व्यापार मेला मैदान में संपन्न होने जा रहा है। आज 7 जून को सुबह से ही ग्वालियर में रेल और हवाई सेवा के माध्यम से अति विशिष्ट एवं विशेष शक्तियों के आगमन का तांता लगा हुआ है। प्रशासनिक जानकारी के अनुसार विवाह में वर-वधू को आशीर्वाद देने केंद्रीय मंत्री अमित शाह,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सहित विभिन्न राज्यों के राज्यपाल और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत अन्य राज्यों के मुख्यमंत्री-मंत्रीगण आ चुके हैं। मेहमानों की सुरक्षा और सुविधा के लिए पूरा प्रशासन जुटा हुआ है। एयरपोर्ट पर वरिष्ठ मंत्री मेहमानों की अगवानी कर रही है। लेकिन सबसे खास बात यह है कि केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के दामाद क्या करते हैं और उनकी एजुकेशन क्या है

byline24.com को मिली जानकारी के अनुसार केंद्रीय मंत्री तोमर के दामाद का नाम नीरज सिंह भाटी है वह युवा नेता माने जाते हैं।उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का खास माना जाता है। नीरज वर्तमान में मध्य प्रदेश इको टूरिज्म के निदेशक हैं वह भाजपा के युवा नेता के रूप में सक्रिय हैं और धनकोट से एक बार सरपंच पद पर रह चुके हैं। यहां बता दें कि धनकोट रियासत एक जमींदार खानदान माना जाता है और यह सीहोर जिले में स्थित है। दामाद नीरज के पिता का नाम अनूप सिंह भाटी है और वह कांग्रेस के सक्रिय नेता माने जाते हैं इसके साथ साथ ही वह पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के भी नजदीकी बताए जा रहे हैं।

विदेश में शिक्षा पूरी हुई है
नीरज सिंह भाटी भाजपा में बेहद सक्रिय माने जाते हैं उनकी प्रारंभिक शिक्षा सीहोर के साथ भोपाल एवं इंग्लैंड में पूरी हुई है। स्थानीय और राष्ट्रीय मुद्दों पर नीरज सिंह अच्छा भाषण देते हैं इस कारण से युवा वर्ग उनको पसंद करता है।

देशभर से शादी में सम्मिलित होने आ रहे हैं लोग
नरेंद्र सिंह तोमर की पुत्री के विवाह में बड़ी संख्या में देश के विभिन्न राज्यों से मेहमान आ रहे हैं। उनके स्वागत सत्कार और भोजन की सुविधा के लिए स्थानीय प्रशासन पिछले 4 दिन से कड़ी मेहनत कर रहा है। विवाह समारोह में 35 हजार  से ज्यादा लोगों के आने की संभावना है जिसके चलते ग्वालियर मेला मैदान में अच्छी व्यवस्था की गई है।