सफाई कर्मियों के लिए एक्सीडेंटल इंश्योरेंस की अब 5 लाख,नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश किए जारी

ग्वालियर। मध्यप्रदेश के सफाईकर्मियों के लिए सरकार की समूह बीमा योजना में दुर्घटना बीमा की राशि 2 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपए कर दी गई है। इसे लेकर नगरीय विकास एवं आवास विभाग ने आदेश भी जारी किए हैं। यह योजना नियमित वेतनमान में कार्यरत कर्मचारियों के लिए है। नए आदेशों को लेकर नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदें प्रोसेस में जुटी रही। जानकारी के अनुसार बीमा पॉलिसी की राशि प्रतिमाह 80 रुपए है। जिसमें 25 प्रतिशत कर्मचारी और 75 प्रतिशत राशि का अंशदान सरकार करती है। पहले सामान्य मृत्यु होने पर 1 लाख रुपए बीमा राशि थी, जबकि दुर्घटनाजनित मृत्यु होने पर देय बीमा राशि 2 लाख रुपए थी। नए आदेश में सरकार ने दुर्घटना बीमा राशि को 2 लाख से बढ़ाते हुए 5 लाख रुपए कर दिया है। हालांकि सामान्य मृत्यु होने पर देय बीमा राशि 1 लाख रुपए ही रहेगी। 1 जून 2023 से यह व्यवस्था लागू हो जाएगी।