पर्यटन विकास निगम के होटलों में वेज और नानवेज खाना अब नहीं पकेगा एक साथ, निगम ने जारी किया आदेश

भोपाल। मप्र पर्यटन विकास निगम के होटलों व रेस्‍तरां में अब वेज और नानवेज खाना अलग-अलग पकाया जाएगा। निगम की होटलों में अब वेज और नानवेज खाना एक साथ नहीं पकाया जाएगा। भाजपा के पूर्व राज्य सभा सांसद रघुनंदन शर्मा के पत्र पर निगम ने यह आदेश जारी किया है। श्री शर्मा ने पत्र लिखकर एक साथ वेज और नानवेज फूड बनाने, स्टोरेज करने पर रोक लगाने की मांग की थी। शर्मा के पत्र पर पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री ऊषा ठाकुर ने संज्ञान लिया। ऊषा ठाकुर के निर्देश पर पर्यटन विभाग ने सभी होटल, रेस्टोरेंट संचालकों को आदेश जारी कर अतिरक्त सर्तकता बरतने को कहा है। मप्र प्रदेश पर्यटन विकास निगम के एमडी द्वारा जारी आदेश में लिखा है कि समस्त इकाई प्रभारियों को निर्देशित किया जाता है कि अपनी-अपनी इकाइयों के किचन में वेज एवं नानवेज भोजन बनाने की अलग-अलग सेक्शन रखे जाना सुनिश्चित करें। साथ ही एफएसएसएआइ के मानक अनुसार फ्रीज, डी फ्रीज, चाकू, चोपिंग बोर्ड आदि भी पृथक-पृथक रखे। उक्त निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जाए। पर्यटन निगम के पीआरओ विकास खरे ने बताया कि निगम के होटलों में खाना पहले से भी अलग- अलग बन रहा था। अब इससे जुड़े इक्युपमेंट्स भी अलग- अलग हों, इस पर विशेष ध्यान रखा जाएगा।रघुनंदन शर्मा के पत्र लिखने के बाद वेज और नानेवज फूड अलग, बनाने, पकाने और उसके स्टोरेज करने के आदेश जारी किए गए हैं।