राजस्थान के करौली में प्रसूता ने एक साथ जन्में 5 शिशु, सभी की मौत, विवाह के 7 साल बाद हुई थी गर्भवती

करौली।  राजस्थान में एक गर्भवती महिला ने एक साथ 5 शिशुओं को जन्म दिया है। हालांकि महिला के इन नवजात शिशुओं ने तुरंत ही दम तोड़ दिया। जानकारी के अनुसार महिला की शादी के 7 साल बीत चुके थे। लेकिन अब तक यह महिला मां नहीं बन सकी थीं। कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद महिला ने सोमवार को एक साथ 5 बच्चों को जन्म दिया। घर में बरसों बाद किलकारियां गूंजने से खुशी का माहौल था। लेकिन जश्न का यह माहौल जल्द ही मातम में तब्दील हो गया। जानकारी के मुताबिक, महिला के किसी भी बच्चे को बचाया नहीं जा सका है। मामला करौली जिले का है। मासलपुर क्षेत्र के पिपरानी गांव की रहने वाली 25 साल की रेशमा ने सोमवार की सुबह 5 बच्चों को जन्म दिया था। महिला की डिलीवरी 7 महीने में ही हो गई थी। हालांकि, प्री-मैच्योर डिलीवरी होने के बाद भी उस वक्त बच्चों की मां स्वस्थ थीं लेकिन बच्चे कमजोर थे। यह महिला 7 साल बाद मां बनी थी। इनमें 2 लड़के और 3 लड़कियां थीं। चिकित्सकों के मुताबिक सभी बच्चों के जन्म में एक-डेढ़ मिनट का अंतर था। बच्चों का वजन 300 से 660 ग्राम था। इलाज के लिए 2 लड़के और 2 लड़कियों की जयपुर लाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि एक लड़की ने जयपुर पहुंचकर हॉस्पिटल में दम तोड़ दिया। महिला के पति अश्क अली केरल में काम करते हैं। महिला पहली बार मां बनी थी लेकिन अब उनके सभी बच्चों की मौत हो गई है। चिकित्सकों का मानना है कि लाखों में इस तरह का एक केस सामने आता है। जब कोई महिला एक बार में 4-5 बच्चों को जन्म देती है।