ग्वालियर: जिला पंचायत के वार्डों और जनपद पंचायत अध्यक्षों का हुआ आरक्षण,जनपद पंचायत अध्यक्ष मुरार का पद अपिव एवं भितरवार का पद अजा. महिला के लिये आरक्षित

 

ग्वालियर।प्रस्तावित त्रि-स्तरीय पंचायत निर्वाचन के लिए ग्वालियर जिले में बुधवार को जनपद पंचायत अध्यक्षों एवं जिला पंचायत के वार्ड (जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र) आरक्षण की कार्यवाही संपादित की गई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (स्थानीय निर्वाचन) श्री कौशलेन्द्र विक्रम सिंह द्वारा सर्वोच्च न्यायालय के आदेश एवं राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए विभिन्न जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में इस कार्यवाही को अंजाम दिया गया।
कलेक्टर श्री सिंह ने आरक्षण की कार्यवाही के दौरान मौजूद सभी जनप्रतिनिधियों को आरक्षण प्रक्रिया एवं उससे संबंधित नियम व कानून के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। इसके बाद विधिवत आरक्षण की कार्यवाही पूर्ण की।
जनपद पंचायत मुरार का अध्यक्ष पद अन्य पिछड़ा वर्ग के लिये आरक्षित हुआ है। जनपद पंचायत घाटीगाँव (बरई) के अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला, जनपद पंचायत डबरा के अध्यक्ष का पद अनारक्षित और जनपद पंचायत भितरवार के अध्यक्ष का पद अनुसूचित जाति महिला के लिये आरक्षित हुआ है।
जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन क्षेत्र के आरक्षण की प्रक्रिया विधिवत संपादित होने के बाद जो तस्वीर सामने आई है, उसके अनुसार जिला पंचायत सदस्य वार्ड-1 अनारक्षित महिला के लिए, वार्ड-2 अन्य पिछड़ा वर्ग महिला, वार्ड-3 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-4 अनारक्षित महिला, वार्ड-5 अनारक्षित महिला, वार्ड-6 अनुसूचित जनजाति महिला, वार्ड-7 अनुसूचित जाति महिला, वार्ड-8 अनारक्षित, वार्ड-9 अनुसूचित जाति, वार्ड-10 अनारक्षित महिला, वार्ड-11 अनारक्षित, वार्ड-12 अन्य पिछड़ा वर्ग एवं वार्ड-13 अनारक्षित रहा है।