साढ़ू के साथ शराब पी,आधी रात को छत से गिरा मौत

ग्वालियर। आऊखाना किलागेट इलाके में छत से गिरकर एक युवक की मौत हो गई। घटना गत देर रात करीब 3 बजे की है। युवक के नीचे गिरते ही साढ़ू और पत्नी उसे लेकर हॉस्पिटल पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस के मुताबिक दोनों साढ़ू देर रात 1 बजे तक शराब पी रहे थे। मृतक की पत्नी उसी घर में नीचे सो रही थी। हालांकि मृतक के भाई और परिजन ने इसे सामान्य मौत न बताते हुए पत्नी और साढ़ू पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपों की जांच भी शुरू कर दी है।
भिंड के मालनपुर का नीरज वाल्मीकी प्राइवेट फर्म में काम करता था। गत रोज अपनी पत्नी सोनाली के साथ अपने साढ़ू बृजेश कुमार के घर ग्वालियर आया था। नीरज और उसकी पत्नी यहां अपने बेटे के बर्थडे का इन्विटेशन देने पहुंचे थे। रात 12 से 1 बजे के बीच नीरज और बृजेश ने शराब पी। इसके बाद सोनाली बेटे को लेकर सोने चली गई, जबकि नीरज और बृजेश छत पर बने कमरे में सो गए।
रात करीब 3 बजे नीरज संदिग्ध हालत में पहली मंजिल की छत से नीचे गिर गया। सिर के बल गिरने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हालांकि नीरज के साढ़ू बृजेश ने बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच नीरज बाथरूम जाने के लिए उठा था। नशे में होने के कारण छत से गिरने से उसकी मौत हो गई।
सीन रीक्रिएशन करा सकती है पुलिस
जहां से नीरज के गिरने की बात कही जा रही है, वह भवन पुराना है और एक मंजिल का है। हालांकि उसकी ऊंचाई डेढ़ मंजिल के बराबर है। बाहर जहां युवक के गिरने की बात कही गई है, वहां पत्थर की पट्टियां रखी हुई हैं। अब पुलिस इस उलझन में है कि एक मंजिल से गिरकर युवक की मौत कैसे हो सकती है। हो सकता है किसी ने उसे धक्का दिया हो। पुलिस अफसर हादसे की जांच कर सीन रीक्रिएशन कराने पर भी विचार कर रहे हैं।
घटना के बाद मृतक के परिजन में आक्रोश है। नीरज के भाई सुखवीर सिंह ने पत्नी और साढ़ू पर हत्या करने का आरोप लगाया है। सुखवीर का कहना है कि उनके घर बर्थडे पार्टी की कोई तैयारी नहीं थी। नीरज की पत्नी सोनाली गत दोपहर बिना बताए अपने जीजा बृजेश के साथ उसके घर चली गई थी। उसे लेने के लिए ही नीरज अपने साढ़ू के घर गया था।
मृतक की पत्नी का अपने बहनोई से पुराना मिलना-जुलना था। इसी बात पर विवाद हुआ और नीरज की छत से फेंककर हत्या कर दी गई। सुखवीर ने इसे हादसे के बजाय हत्या बताया है और पुलिस से जांच की मांग की है।
वहीं पुलिस का कहना है कि छत से गिरने से युवक की मौत हुई है। मृतक के परिजन ने हत्या का आरोप लगाया है। लिहाजा, इस एंगल पर भी जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।