
मजबूत संगठन मजबूत सरकार का निर्माण करने में क्षमतावान होता है:अभय चौधरी
ग्वालियर। भाजपा संगठन की महत्वपूर्ण बैठक जिला कार्यालय मुखर्जी भवन में जिलाध्यक्ष अभय चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद विवेक शेजवलकर ने कहा कि हमें ऐसे संगठन का निर्माण करना है, जो प्रदेश व जिले संगठन के साथ-साथ आने वाले समय में होने वाले चुनावों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकें। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की बूथ इकाई की सबसे मजबूत कड़ी बूथ अध्यक्ष होता है, जो सदैव संगठन के लिए काम करता है। उन्होंने कहा कि बूथ कमेटियों में 11 कार्यकर्ताओं को जगह मिलेगी। इसमें अध्यक्ष समेत 11 सदस्य होंगे। इसमें सदस्यों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के इंचार्ज, व्हाट्सएप इंचार्ज और लाभार्थी इंचार्ज समेत अन्य जिम्मेदारी दी जाएगी। इसमें सामाजिक श्रेणी और कार्यक्रम प्रमुख की भी जिम्मेदारी दी जाएगी। प्रत्येक बूथ पर हमें ध्यान रखना है कि उसमें सभी जाति व सभी समाज के लोग होने चाहिए, उसमें महिलाएं हो, पुराने व नए कार्यकर्ता भी हों, उनका सामंजस्य बनाकर बूथ समिति का गठन करें। आप सभी अपने-अपने शति केंद्र की जानकारी व अपने मंडल की जानकारी जिला सहयोगियों को अवगत कराकर उस जानकारी को आगे भेजें।
जिलाध्यक्ष श्री अभय चौधरी ने कहा कि भाजपा का संगठन चुनाव देश के लिए बहुत ही महत्वपूर्ण है, मजबूत संगठन मजबूत सरकार का निर्माण करने में क्षमतावान होता है। उन्होंने कहा कि जिले के सभी बूथों पर निर्वाचन होना है। इसके लिए 11 सदस्यों की कमेटी बनाई गई है। जिस बूथ पर 100 प्राथमिक सदस्य होंगे। वह सदस्य ही चुनाव प्रक्रिया में हिस्सा ले सकेगा। इसके लिए 19 और 20 नवंबर को सर्वसमति से बूथ अध्यक्ष को चुना जाएगा।
बैठक का संचालन संगठन चुनाव सहप्रभारी राकेश माहौर ने एवं आभार जिला महामंत्री राजू पलैया ने व्यत किया। चुनाव की विस्तृत जानकारी संगठन चुनाव सहप्रभारी राजू सेंगर ने रखी। इस अवसर पर जिला महामंत्री विनोद शर्मा, विनय जैन सहित मंडल अध्यक्ष, मंडल सहयोगी एवं सभी शक्ति केंद्र के सहयोगी उपस्थित रहे।