मंदसौर डिप्टी कलेक्टर को हटाकर नरसिंहपुर किया पदस्थ, तबादले पर परिजनों ने की आतिशबाजी, सरकार ने निरस्त किया आदेश

 

भोपाल। प्रदेश में पिछले दो दिन से प्रशासनिक अफसरों के तबादलों का दौर चल रहा है। इस बीच तबादला आदेश में संशोधन भी किए जा रहे हैं। शासन ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी के तबादला आदेश में इसलिए संशोधन कर दिया है कि उनके तबादले की खुशी में परिचितों ने नेताओं के समर्थकों की तरह आतिशबाजी कर डाली। यह मामला शासन को नागवार लगा।
राज्य शासन ने रविवार को राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संदीप शिवा को मंदसौर से हटाकर नरसिंहपुर पदस्थ कर दिया था। खबर है कि संदीप के नरसिंहपुर पदस्थापना की खुशी ने परिचितों ने आतिशबाजी कर दी थी। यह खबर शासन तक पहुंची तो 24 घंटे के भीतर शिवा के तबादला आदेश में संशोधन कर देवास पदस्थ कर दिया है।
जिला छोडऩे से पहले कलेक्टर का भावुक वीडिया
राज्य शासन ने सोमवार को 14 जिलों के कलेक्टरों को बदला है।

इनमें नरसिंहपुर जिले के कलेक्टर 2012 बैच के रोहित सिंह को हटाकर लघु उद्योग निगम का प्रबंध संचालक बना दिया है। कलेक्टर ने मंगलवार को सुबह रिलीव होने से पहले नरसिंहपुर वासियों के नाम एक संदेश जारी किया है। जिसमें उन्होंने जिले पर नर्मदा मैया की कृपा, नरसिंह भगवान का आशीर्वाद बना रहने का शुभकामनाएं प्रेषित की है। कलेक्टर का भावुक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।