ग्वालियर: 30 साल के युवक की निर्मम हत्या, खेत में मिला शव
पिता ने कहा-रोकते थे जाने से नहीं मानता था मृतक पुत्र
ग्वालियर। जनकगंज थाना क्षेत्र में एक युवक का शव पुलिस को मिला है। युवक की बेरहमी से हत्या की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पड़ताल शुरू कर दी है। इधर हत्या की सूचना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र 30 साल है और वह आदतन नशेड़ी बताया जा रहा है। शव जिसके खेत में मिला है, उसके स्वामी ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस के अनुसार बिजली घर गोल पहाडिय़ा के पास रहने वाला गौरव सोनी पुत्र महेश सोनी कोई स्थाई काम-धंधा नहीं करता था। गलत संगत के कारण वह नशा करने लगा। उसकी दोस्ती भी नशेड़ी युवकों से थी। नवग्रह मंदिर के पास मुकेश पुत्र भवानी कुशवाह के खेत में उसका शव पुलिस को बीती रात को मिला। मौके पर पुलिस पहुंची तो देखा कि उसके गले पर निशान हैं और उसके शरीर के हिस्सों पर भी पिटाई के मार्क हैं। स्पॉट पर बीड़ी और नशा करने की सामाग्री भी मिली है। पुलिस को मृतक की पहचान करने में कोई समस्या नहीं हुई। खेत मालिक इस मामले में फरियादी की भूमिका निभा रहा है।
पुलिस का एंगल है कि रात को गौरव नशा करने के लिए यहां अन्य युवकों के साथ पहुंचा। यहां पहले नशा किया उसके बाद पैसों को लेकर आरोपियों से मृतक की कहासुनी हुई। उसके बाद बदमाशों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी। जनकगंज पुलिस अब मृतक के घर से लेकर क्राइम स्पॉट के दायरे में लगे सीसीटीवी के फुटेज को खंगाल रही है। पुलिस को उम्मीद है कि जल्द ही आरोपी पकड़े जाएंगे।
Comments are closed.