भारतीयम विद्या निकेतन स्कूल पर संपत्तिकर का 70 लाख रुपए बकाया, उसी स्कूल में ग्वालियर भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक हुई

 

राजेश शुक्ला, ग्वालियर। भारतीय जनता पार्टी इस वर्ष चुनाव की तैयारी में जुट गई है। मध्य प्रदेश समेत ग्वालियर जिले में भी भाजपा प्रतिदिन कार्यकर्ताओं की बैठक ले रही है। ऐसी ही एक बैठक भारतीय जनता पार्टी ग्वालियर महानगर की जिला कार्यसमिति की 26 जनवरी को भारतीयम विद्या निकेतन स्कूल शिवपुरी लिंक रोड , चिरवाई नाका में आहूत की गई थी।बैठक संपन्न हो गई लेकिन जिस स्कूल की इमारत में यह बैठक आयोजित की गई थी उस स्कूल पर नगर निगम का 70 लाख रुपये का संपत्तिकर बकाया है। अब राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा हो रही है कि किसे फायदा देने के लिए भाजपा ने उक्त स्कूल में बैठक आयोजित की थी।

जानकारी अनुसार भारतीयम विद्या निकेतन स्कूल पर नगर निगम की संपत्ति आईडी 1000 201606 नाम चंद्रा उर्फ भावना भागचंदानी, 470 शिवपुरी लिंक रोड चिरवाई नाका वार्ड 59 जोन-13 पर 2017 से लेकर 2022 तक का नगर निगम का करीबन 70 लाख रुपए बैलेंस बकाया है। सूत्र यह भी बताते हैं कि कई बार नगर निगम के संपत्तिकर वसूलने वाले कर्मचारी-अधिकारियों ने संपत्ति मालिक को संपत्ति कर जमा करने को कहा है लेकिन जबाब हमेशा टालने वाला मिला है। और तो और नगर निगम ने उक्त संपत्ति को ब्लैकलिस्ट भी किया है ऐसी सूचना Byline24.com को मिली है।

 

उक्त स्कूल से ही जुड़े एक व्यक्ति ने बताया कि कई बार नगर निगम का टैक्स कलेक्टर संपत्तिकर चुकाने बाबत नोटिस देकर गए हैं लेकिन उक्त स्कूल के संचालक संपत्तिकर जमा करने से परहेज कर रहे हैं। यह भी सामने आया कि भाजपा की कार्यसमिति की बैठक को आयोजित करवाने के पीछे स्कूल संचालक द्वारा नगर निगम को प्रभाव दिखाना भी है।

यहां बता दें कि भाजपा की कार्यसमिति की बैठक 26 जनवरी को आयोजित हुई थी इस बैठक में सांसद विवेक नारायण शेजवलकर, ऊर्जा मंत्री प्रदुमन सिंह तोमर समेत सभी मंडल अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए थे। बैठक में चुनावी वर्ष होने के कारण कई आयोजनों को सुचारु रुप से करने और बूथ लेवल पर कार्यकर्ताओं को सजग रहने के आवश्यक निर्देश दिए गए थे। जिला कार्यसमिति की बैठक में सांसद महोदय ने भी अपना वक्तव्य दिया था इसके साथ ही ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने भी अपनी बात कार्यकर्ताओं के समक्ष रखी थी।

बता दें कि भारतीयम विद्या निकेतन स्कूल के संचालक पूर्व में भी विवादों में रहे है। स्कूल को संचालित करने के लिए देवी बाई शिक्षा एवं समाज कल्याण समिति स्थापित की गई है इस स्थिति में भी लाखों रुपए का गड़बड़झाला सामने आया है जिसकी जांच चल रही है।इन जांचों को भी कई बार प्रभावित किया गया है।

 

26 जनवरी को भाजपा ग्वालियर महानगर की बैठक आयोजित की गई थी जिसमें आयोजनों को लेकर कार्यकर्ताओं से चर्चा की गई थी ।जिस स्कूल में बैठक हुई थी उस पर लाखों रुपया का संपत्तिकर बकाया है यह जानकारी मुझे नहीं है।

अभय चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष ग्वालियर

 

नोट-ख़बर से जुड़े सभी तथ्य सूचना के अधिकार के तहत लिए गए हैं इससे संबंधित सभी दस्तावेज पास हमारे सुरक्षित है।Byline24.com टीम