भिंड के नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष के पोस्टर पर भाजपा नेता ने की पेशाब; वीडियो हुआ वायरल, प्रदेश अध्यक्ष बीडी शर्मा ने 6 साल के लिए पार्टी से निकाला

Byline24.com। जिले के मेहगांव जनपद पंचायत के उपाध्यक्ष भाजपा नेता शैलेंद्र सिंह भदौरिया का एक वीडियो वायरल है।  जिसमें वह भिंड जिले के नवनियुक्त भाजपा जिला अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नरवरिया के पोस्टर पर टॉयलेट करते हुए नजर आ रहे हैं। इस पर भाजपा आलाकमान ने सख्त एक्शन लिया है। भाजपा ने शैलेंद्र भदौरिया को पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के निर्देश पर बीजेपी प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी ने निलंबन का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि, इस तरह का कृत्य बेहद अशोभनीय और निंदनीय है, जिसे पार्टी कभी बर्दाश्त नहीं करेगी।

भाजपा ने हाल ही में फेर बदल करते हुए देवेंद्र सिंह नरवरिया को भिंड जिले का जिला अध्यक्ष बनाया था। उनका जिला में पहली बार जिला आगमन था।मालनपुर, गोहद, मेहगाँव के रास्ते में जगह-जगह जिला अध्यक्ष का स्वागत भी हुआ। लेकिन देर रात टोल प्लाजा पर नेतागिरी का एक बंदरंग चेहरा सामने आया। यहां पर उपाध्यक्ष शैलेंद्र सिंह अपनी कार से उतरे, भदौरिया ने पहले जिलाध्यक्ष के स्वागत वाले बैनर को तोड़ा फिर इसे जमीन पर पटका,शैलेंद्र सिंह भदौरिया यहीं नही रुके उन्होंने बैनर को ज़मीन पर फैकने के बाद उस पर पेशाब भी किया।

इस अपमान के पीछे की वजह जातिवादी टीस है या गुटबाज़ी कहना मुश्किल है लेकिन उनकी ये हरकतें टोल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में जरूर कैद हो गई, जो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई है। वहीं मामले को लेकर फोन पर हुई बातचीत में जनपद पंचायत उपाध्यक्ष का कहना है कि उनकी गाड़ी बैनर से टकरा गयी थी, इसलिए उन्होंने सिर्फ बैनर को उठाकर अलग रख दिया था। अब नेता जी कुछ भी बोलें लेकिन सीसीटीवी में रिकॉर्ड हुई तस्वीरें उनके बयान की हकीकत खुद ज़ाहिर कर रही हैं। वीडियो वायरल होने के बाद यह खबर बीजेपी के वरिष्ठ नेतृत्व तक पहुँची, जिसके बाद तत्काल बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी डी शर्मा ने शैलेंद्र भदोरिया को पार्टी से 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है।

 

Byline24.com वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है।