खंडवा:पत्नी पर चोरी का प्रकरण दर्ज नहीं हुआ तो सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़ा पति, पुलिस ने किया केस दर्ज

पत्नी पर चोरी करने की एफआइआर दर्ज नहीं होने से व्यथित पति कोतवाली थाना परिसर में करीब सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। करीब एक घंटे तक तक टावर पर चढ़ा रहा। उसका कहना था कि कोतवाली थाने के अलावा एसपी कार्यालय में आवेदन दिया लिया लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हुई। पत्नी घर का सामान चुराकर दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई। घर से सोना-चांदी और अन्य सामान चुरा लिया लेकिन पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

कोतवाली थाने में हंगामे की स्थिति रही। शाम करीब 5ः30 बजे सूरजकुंड क्षेत्र में रहने वाला अरुण मिश्रा कोतवाली थाना परिसर स्थित सौ फीट ऊंचे टावर पर चढ़ गया। वह टावर के ऊपरी सिरे पर जाकर खड़ा हो गया था। यहां से उसने आवाज लगाकर लोगों को जमा करना शुरू कर दिया। कोतवाली थाने के टीआइ बीएल अटूदे स्टाफ के साथ उसे उतरने के लिए कहते रहे लेकिन वह पत्नी प्रिया पर एफआइआर दर्ज करने की मांग करता रहा। लोग अपने मोबाइल से अरुण का वीडियो बनाते रहे।

अरुण ने अपने परिचित अधिवक्ता रविंद्र पंवार को फोन कर कहा कि कोतवाली थाने में उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। इसके लिए वह थाने के सामने टावर पर चढ़ गया। जब तक पुलिस उसकी एफआइआर नहीं करती वह नहीं उतरेगा। यह सुन अधिवक्ता पवार उसे मनाने कोतवाली थाने पहुंचे। उन्होंने उसे कहा कि पुलिस उसकी बात मानने को तैयार है। उसकी शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया जाएगा। इसके बाद अरुण टावर से नीचे उतर आया।

अरुण मिश्रा ने बताया कि उसने लव मैरिज की है। वह छह माह से गोवा में बीच पर काम कर रहा था। इस बीच पत्नी ने उसके साथ बेवफाई की और दूसरे व्यक्ति के साथ चली गई। जब उसे इस बात का पता चला तो वह खंडवा आ गया। घर में एक भी सामान नहीं है। सोने-चांदी के गहने और घरेलू सामान पत्नी ने चुरा लिया। इसकी शिकायत उसने कोतवाली थाने में की लेकिन सुनवाई नहीं हुई। उसने एसपी कार्यालय में भी आवेदन दिया था।

अरुण मिश्रा पर उसकी पत्नी प्रिया ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पति के टावर पर चढ़ने की जानकारी मिलने के बाद पत्नी भी कोतवाली थाने पहुंची। उसने बताया कि पति गोवा में छह माह से काम पर था। वह जब भी घर आता था े नशे में धुत रहता था। उसकी दो बेटिया भी हैं। उसके साथ उन्हें भी वह परेशान कर प्रताड़ित करता। इससे परेशान होकर वह इंदौर रहने चली गई। यहां काम कर रही थी।

 

अरुण मिश्रा ने पत्नी प्रिया की शिकायत की थी। इसी तरह से प्रिया ने भी अरुण की शिकायत की है। इस मामले को लेकर दोनों को थाने बुलाया था। दोनों के बीच विवाद होने के बाद वह टावर पर चढ़ गया था। उसे टावर से उतरवाकर समझाइश दी गई है। शिकायत के आधार पर पत्नी प्रिया पर केस दर्ज किया जा रहा है। -बीएल अटूदे, टीआइ कोतवाली थाना