छतरपुर: चार महिलाओं का जुर्म, युवक को कुल्हाड़ी से मारा फिर सिर किया धड़ से अलग, 4 साल बाद पकड़ीं

मध्यप्रदेश के छतरपुर जिले में जघन्य हत्या के आरोप में पुलिस ने 4 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। यह चारों महिलाएं पिछले 3 सालों से फरार चल रही थी। पुलिस इन्हें पकड़ने के लिए लगातार प्रयास करते हुए इनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही थी। फरार चल रही इन महिलाओं को आखिरकार अब पुलिस ने धर दबोचा है।

मिली जानकारी के अनुसार 27 अगस्त 2018 को नौगांव थाना क्षेत्र के लुगासी में रहने वाले जयसिंह यादव नाम के व्यक्ति की सिर कटी लाश उर्मिल नदी में तैरती हुई मिली थी। जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी। पुलिस के लिए सिर कटी लाश किसी चुनौती से कम नही थी। मामले में पुलिस ने 302,201,34,120B, के तहत मामला दर्ज कर लिया।
जांच पड़ताल के बाद पुलिस को इस बात का पता चला कि मृतक जयसिंह यादव है और वह लुगासी गांव का रहने वाला है। मृतक का सिर और हत्यारे अभी भी पुलिस से दूर थे। गहराई से जांच करने के बाद पुलिस को इस बात की जानकरी लगी कि जयसिंह की हत्या योजना के तहत की गई। जिसमें 4 पुरुष एवं 4 महिलाएं शामिल थीं। ये सभी लोग अलग-अलग जगह और अलग-अलग थाना क्षेत्र के थे।