दिल्ली पुलिस के लिए खुशखबरी: अब परिवार संग जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सिरी मनाने के लिए मिलेगी छुट्टी

नई दिल्ली।
दिल्ली पुलिस कर्मियों के लिए खुशखबरी, अब परिवार संग जन्मदिन और मैरिज एनिवर्सिरी मनाने के लिए मिलेगी छुट्टी

दिल्ली पुलिस के जवानों को अब अपने परिवार के साथ समय बिताने के लिए छुट्टी मिलेगी ताकि वे अपने जीवन के अन्य महत्वपूर्ण अवसरों के अलावा जन्मदिन और शादी की सालगिरह भी मना सकें। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई।

अधिकारियों ने बताया कि दिल्ली पुलिस कमिश्नर राकेश अस्थाना द्वारा स्वीकृत सात अक्टूबर को जारी आदेश तत्काल रूप से प्रभावी हो गया है। उन्होंने बताया कि इस आदेश के लागू होने के बाद दिल्ली पुलिस के करीब 80,000 कर्मियों को अपने जीवन के महत्वपूर्ण दिनों में अपने परिवार के साथ समय व्यतीत करने के लिए अब से छुट्टियां मिलेंगी।

पुलिस उपायुक्त (सूचना प्रौद्योगिकी) महेश बत्रा ने इस आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं। आदेश में कहा गया है, ”ऐसा देखा गया है कि पुलिसकर्मी अपने, अपने जीवनसाथी और अपने बच्चों के जन्मदिन या अपनी शादी की सालगिरह जैसे महत्वपूर्ण मौकों पर भी अपने परिवारों के साथ कई बार समय व्यतीत नहीं कर पाते हैं।”

इस आदेश के अनुसार, पुलिस कर्मियों को उनके जन्मदिन, विवाह की वर्षगांठ, अपने जीवनसाथी और बच्चों के जन्मदिन पर छुट्टी दी जाएगी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि यह आदेश पूरे दिल्ली पुलिस बल के लिए है और इसे तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *